रांची। रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज (RINPAS) आज अपना 101वां स्थापना दिवस मनाएगा। समारोह का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक RINPAS के जे.ई. धुंजीभॉय एकेडमिक एंड रिसर्च सेंटर में किया जाएगा। इस वर्ष स्थापना दिवस की थीम ‘Artificial Intelligence in RINPAS’ रखी गई है।समारोह के दौरान मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल की संभावनाओं पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। इसके साथ ही RINPAS के 101 वर्षों के सफर पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। स्मारिका में संस्थान की उपलब्धियों, चिकित्सा शिक्षा, मरीजों के इलाज, शोध और अन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।कार्यक्रम के वैज्ञानिक सत्र में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में AI की संभावित भूमिका पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें मानसिक बीमारियों की पहचान, मरीजों के इलाज और फॉलो-अप, मेडिकल शिक्षा, शोध तथा स्वास्थ्य संबंधी डेटा के इस्तेमाल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।इसके अलावा मरीजों की गोपनीयता, डेटा सुरक्षा और AI के सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की जाएगी।

RINPAS की निदेशक डॉ. जयती सिमलाई ने कहा कि संस्थान की 101 वर्षों की यात्रा गौरवपूर्ण है। बदलते समय के साथ आधुनिक तकनीक और नए तरीकों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तकनीक के इस्तेमाल के साथ मरीजों की गोपनीयता, डेटा सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
