झारखंड सरकार के मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद रांची स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में शोक का माहौल है। जहां आम दिनों में राजनीतिक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही से चहल-पहल रहती थी, वहीं रविवार को कार्यालय में सन्नाटा और उदासी नजर आई। नेता और कर्मचारी उनके निधन से बेहद दुखी दिखाई दिए।
दिवंगत नेता के प्रति सम्मान जताने के लिए कैंप कार्यालय में लगा JMM का झंडा आधा झुका दिया गया है। पार्टी की परंपरा के अनुसार किसी वरिष्ठ नेता या महत्वपूर्ण पदाधिकारी के निधन पर शोक और सम्मान के प्रतीक के तौर पर पार्टी कार्यालयों पर लगे ध्वज को झुकाया जाता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए सुदिव्य सोनू के निधन के बाद रांची कैंप कार्यालय में भी पार्टी का झंडा झुका दिया गया।

सुदिव्य सोनू के निधन की खबर सामने आने के बाद से JMM के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। पार्टी से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को संगठन के लिए बड़ी क्षति बता रहे हैं।
कैंप कार्यालय में मौजूद पार्टी नेताओं और कर्मियों के बीच भी उनके निधन की चर्चा रही। अचानक हुए इस घटनाक्रम ने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्तब्ध कर दिया है। पूरे कार्यालय परिसर में गमगीन माहौल बना हुआ है और हर तरफ दिवंगत मंत्री को लेकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।