Wednesday, October 7, 2026
Home » सुदिव्य सोनू को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, राज्यपाल और CM पहुंचे गिरिडीह

सुदिव्य सोनू को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, राज्यपाल और CM पहुंचे गिरिडीह

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के मंत्री और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी सहयोगी रहे सुदिव्य कुमार सोनू को रविवार को अंतिम विदाई दी जा रही है। गिरिडीह में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को विशेष विमान से गिरिडीह पहुंचे। दिवंगत मंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सुदिव्य सोनू के निधन से JMM कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शोक में हैं।

‘सोनू भैया का जाना निजी तौर पर मेरे लिए बड़ा आघात’ : CM

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताते हुए इसे अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया। भावुक मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी अचानक आई इस खबर पर विश्वास करना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने कहा कि सोनू के चले जाने से उनके जीवन में जो कमी पैदा हुई है, उसे शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू के साथ उनका रिश्ता केवल राजनीतिक सहयोग तक सीमित नहीं था। वह उनके लिए एक बड़े भाई की तरह थे। कठिन समय में उनका साथ, उनका स्नेह और परिस्थितियों में सही दिशा दिखाने की उनकी क्षमता हमेशा याद रहेगी।

हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य सोनू से उन्हें जो मार्गदर्शन और जीवन के अनुभव मिले, वे हमेशा उनके साथ रहेंगे। उनके साथ बिताए समय और उनसे जुड़ी यादें भविष्य में भी उन्हें लगातार याद आती रहेंगी।

दिवंगत मंत्री को अंतिम विदाई देने के लिए गिरिडीह में बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। प्रशासन की ओर से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था की गई है।

You may also like

Leave a Comment