शरद ऋतु की शुरुआत के साथ अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन, आरती और भोग की व्यवस्था बदल दी गई है। नई समय-सारिणी 1 नवंबर से लागू हो गई है। इसके तहत मंदिर सुबह चार बजे खुलेगा और रात दस बजे बंद होगा। श्रद्धालुओं को अब दर्शन के लिए संशोधित समय का ध्यान रखना होगा।

नई व्यवस्था के अनुसार, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:35 बजे तक दर्शन बंद रहेंगे। वहीं, रात 8:30 बजे के बाद रामानंदाचार्य प्रवेश द्वार से नए श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं मिलेगा।
सुबह 4:30 बजे मंगला आरती, सात बजे से दर्शन
मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुलेंगे। 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी। इसके बाद अभिषेक और श्रृंगार के लिए कपाट बंद रहेंगे। सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती के बाद सात बजे से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।सुबह आठ बजे बालभोग के लिए दस मिनट का विराम होगा। इसके बाद 11:30 बजे तक दर्शन जारी रहेंगे।
दोपहर 1:35 बजे दोबारा शुरू होंगे दर्शन
राजभोग की तैयारी के लिए सुबह 11:30 बजे कपाट बंद होंगे और दोपहर 12 बजे आरती होगी। इसके बाद भगवान के विश्राम के लिए दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक दर्शन स्थगित रहेंगे। दोपहर 1:35 बजे से शाम चार बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
बालभोग के लिए शाम 4 से 4:10 बजे तक विराम रहेगा। इसके बाद 6:45 बजे तक दर्शन होंगे।
रात 9:30 बजे शयन आरती, 10 बजे मंदिर बंद
शाम सात बजे संध्या आरती होगी, जिसके बाद रात आठ बजे तक दर्शन किए जा सकेंगे। रात 8 से 8:30 बजे तक भोग और पूजा के लिए कपाट बंद रहेंगे। इसके बाद 9:15 बजे तक अंतिम दर्शन का अवसर मिलेगा। रात 8:30 बजे से नए श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद हो जाएगा। 9:30 बजे शयन आरती के बाद रात दस बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
केसरयुक्त दूध और मेवे का लगेगा भोग
शरद ऋतु को देखते हुए रामलला के प्रसाद में भी बदलाव किया गया है। अब भगवान को झाझ की जगह केसरयुक्त दूध अर्पित किया जाएगा। मंगला आरती से पहले मधुपर्क और इसके बाद मेवों का भोग लगेगा। श्रृंगार आरती के बाद सुबह 8 से 8:10 बजे तक मिष्ठान अर्पित किया जाएगा।
मंदिर के सीईओ जितेन्द्र मिश्र ने धार्मिक न्यास समिति के संतों की सहमति से नई व्यवस्था लागू की है। साथ ही पुजारियों को मीडिया से दूरी बनाए रखने, मंदिर परिसर में वीडियो नहीं बनाने और सोशल मीडिया स्टेटस पर मंदिर की तस्वीरें साझा नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
2 नवंबर को अयोध्या पहुंचेंगे योगी, दीपोत्सव की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो नवंबर को अयोध्या पहुंचकर सात नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरान अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के अलावा राम की पैड़ी, रामकथा पार्क, सरयू आरती स्थल और साकेत महाविद्यालय समेत प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
दीपोत्सव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की भी संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी मुख्यमंत्री के दौरे का हिस्सा हो सकती है। प्रशासन आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।









