रामगढ़ के पतरातू स्थित होटल पर्यटन विहार में सोमवार को एक विवाह समारोह उस वक्त खास बन गया, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ अचानक वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री को सामने देखकर पहले तो मेहमानों को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन जल्द ही स्पष्ट हो गया कि वे किसी आधिकारिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि अपने सुरक्षा दस्ते में तैनात एक पुलिस अधिकारी की बेटी की शादी में शामिल होने आए हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक (SI) विपिन रजक की बेटी हर्षा का विवाह था। विपिन ने मुख्यमंत्री को भी शादी का निमंत्रण दिया था और समारोह में आने का आग्रह किया था। सोमवार को विवाह की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच मुख्यमंत्री के काफिले का सायरन सुनाई दिया। हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को सामने देखकर विपिन रजक की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि वे जरूर आएंगे।
मुख्यमंत्री का सोमवार का कार्यक्रम व्यस्त रहा। वे राज्य सचिवालय में आयोजित कौशल विकास कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रामगढ़ के लिए रवाना हुए। पारिवारिक आयोजन को देखते हुए उन्होंने कल्पना सोरेन को भी साथ चलने के लिए कहा।
होटल पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने विवाह की तैयारियां देखीं और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान हर्षा ने आगे बढ़कर हेमंत सोरेन के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। जब वह कल्पना सोरेन के पैर छूने लगीं, तो उन्होंने हर्षा को स्नेहपूर्वक गले लगा लिया। इस आत्मीय पल ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने नवदंपति को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हर्षा को आशीर्वाद देने के साथ विपिन रजक और उनके परिजनों से भी बातचीत की।
विदा होने से पहले मुख्यमंत्री ने विपिन रजक से शादी की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा कि कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई। इस पर विपिन ने हाथ जोड़कर कहा कि उनके समारोह में पहुंचना ही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।
हर्षा के लिए भी यह दिन खास बन गया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि उनके पिता मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हैं, लेकिन मुख्यमंत्री उनके पिता को कितना सम्मान और अपनापन देते हैं, इसका एहसास उन्हें इस मुलाकात से हुआ।
मुख्यमंत्री की इस मौजूदगी ने विपिन रजक के परिवार के लिए बेटी की शादी को यादगार बना दिया।








