Home » बेसमेंट में धूल फांकते रहे 3 अंतिम यात्रा वाहन, सफाईकर्मी का श*व कचरा गाड़ी से पहुंचा अस्पताल!

बेसमेंट में धूल फांकते रहे 3 अंतिम यात्रा वाहन, सफाईकर्मी का श*व कचरा गाड़ी से पहुंचा अस्पताल!

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के गिरिडीह में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस निगम में शवों को सम्मानपूर्वक ले जाने के लिए तीन नए शव वाहन उपलब्ध हैं, उसी के एक कर्मचारी का शव कचरा उठाने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद निगम प्रशासन की व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।

मृतक की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी के रूप में हुई है। वह नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के तौर पर काम करते थे। रोजाना शहर की सफाई में जुटे सोनू की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने की जिम्मेदारी निगम के वाहन से पूरी की जानी थी, लेकिन शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। आखिरकार साथी कर्मचारियों को कचरा ढोने वाली गाड़ी का इस्तेमाल करना पड़ा।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

बेसमेंट में खड़े हैं तीन शव वाहन, फिर क्यों नहीं मिला इस्तेमाल का मौका?

इस घटना ने निगम की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार ने गिरिडीह नगर निगम को तीन शव वाहन उपलब्ध कराए थे। इनका उद्देश्य जरूरत के समय मृतकों के पार्थिव शरीर को अस्पताल या उनके घर तक पहुंचाना था। इसके बावजूद तीनों वाहन निगम के बेसमेंट में खड़े रहे और एक कर्मचारी के शव को कचरा वाहन से ले जाना पड़ा।

परिजनों और साथी सफाईकर्मियों का आरोप है कि सोनू का शव मिलने के बाद उन्होंने निगम प्रशासन से शव वाहन उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बावजूद समय पर कोई व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरन उन्हें कचरा उठाने वाली गाड़ी से शव सदर अस्पताल ले जाना पड़ा।

महापौर और उपमहापौर ने परिवार को दी सहायता

मामला सामने आने के बाद महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शव को सम्मानपूर्वक घर पहुंचाने की व्यवस्था भी कराई। उपमहापौर ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब निगम के पास तीन शव वाहन मौजूद हैं, तब अपने ही कर्मचारी के शव को कचरा गाड़ी से अस्पताल पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने निगम प्रशासन और नगर आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उपमहापौर के मुताबिक, कर्मचारियों ने शव वाहन की मांग की थी, लेकिन इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।

अधिकारियों के जवाब से नहीं सुलझे सवाल

घटना को लेकर निगम के अधिकारियों से जवाब मांगा गया, लेकिन स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई। नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ ने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। वहीं, उप नगर आयुक्त अब्दुल समद ने स्वीकार किया कि निगम के पास तीन शव वाहन हैं और उनका इस्तेमाल इसी उद्देश्य के लिए किया जाना है। हालांकि, सोनू के मामले में वाहन उपलब्ध क्यों नहीं कराया गया, इस सवाल पर उन्होंने नगर आयुक्त से बात करने की सलाह दी।

इस पूरे घटनाक्रम ने निगम के संसाधनों के इस्तेमाल और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब शव वाहन उपलब्ध थे, तब एक सफाईकर्मी के परिवार को अपने परिजन का शव कचरा गाड़ी से ले जाने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ा?

You may also like

Leave a Comment