Home » हाइपोथेक का सामान बेचने पर नहीं बनेगा आपराधिक विश्वासघात का केस, झारखंड HC ने रद्द की FIR

हाइपोथेक का सामान बेचने पर नहीं बनेगा आपराधिक विश्वासघात का केस, झारखंड HC ने रद्द की FIR

by उर्वशी शेखर
0 comments

बैंक से कर्ज लेने के लिए दुकान का स्टॉक हाइपोथेक करने के बाद उसके गायब होने या बेचे जाने पर अपने आप आपराधिक विश्वासघात का मामला नहीं बनता। झारखंड हाईकोर्ट ने धनबाद के दो कारोबारियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमे को रद्द करते हुए यह महत्वपूर्ण कानूनी टिप्पणी की है। अदालत के मुताबिक, हाइपोथेक की गई संपत्ति का मालिकाना हक कर्जदार के पास ही रहता है। बैंक को केवल ऋण की सुरक्षा के लिए उस पर अधिकार मिलता है।

जस्टिस अनिल कुमार चौधरी की अदालत ने क्रिमिनल मिसलेनियस पिटीशन संख्या 2802/2025 पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने केंदुआडीह थाना कांड संख्या 59/2013 की प्राथमिकी, पूरी आपराधिक कार्यवाही और 26 जून 2025 को ACJM धनबाद की ओर से लिए गए संज्ञान को दोनों याचिकाकर्ताओं के संबंध में निरस्त कर दिया।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

SBI की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR

दोनों कारोबारियों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से कैश क्रेडिट सुविधा ली थी। इसके बदले दुकान में मौजूद सामान को ऋण की सुरक्षा के तौर पर हाइपोथेक किया गया था। बाद में स्टॉक गायब मिलने पर बैंक ने आरोप लगाया कि कर्जदारों ने उसे बेच दिया है। शाखा प्रबंधक की शिकायत पर 2013 में पुलिस ने IPC की धारा 406, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के बाद आरोपपत्र भी दाखिल किया गया था।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि हाइपोथेक की गई वस्तुओं का स्वामित्व बैंक को हस्तांतरित नहीं होता। बैंक को केवल कर्ज की सुरक्षा का अधिकार मिलता है। हाईकोर्ट ने इस दलील से सहमति जताते हुए कहा कि आपराधिक विश्वासघात के लिए संपत्ति का आरोपी को सौंपा जाना आवश्यक है। हाइपोथेक के मामले में यह शर्त पूरी नहीं होती, इसलिए केवल सामान बेचने या गायब होने से IPC की धारा 406 के तहत अपराध नहीं बनता।

धोखाधड़ी के लिए शुरुआत से ही गलत मंशा जरूरी

धारा 420 के आरोप पर अदालत ने कहा कि किसी अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन मात्र आपराधिक धोखाधड़ी नहीं है। इसके लिए यह साबित होना चाहिए कि लेनदेन के समय से ही आरोपी की मंशा दूसरे पक्ष को धोखा देने की थी। मौजूदा मामले में कर्ज लेते वक्त बैंक को धोखा देने का कोई आरोप नहीं था। ऐसे में बाद में स्टॉक गायब होने या ऋण भुगतान में अनियमितता के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा नहीं चलाया जा सकता।

हाईकोर्ट ने माना कि आरोपों को सही मानने के बावजूद दोनों कारोबारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध के जरूरी तत्व मौजूद नहीं हैं। ऐसे में आपराधिक कार्यवाही जारी रखना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा। इसी आधार पर 18 नवंबर 2026 को अदालत ने दोनों याचिकाकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामला रद्द कर दिया।

You may also like

Leave a Comment