आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ झारखंड उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। हजारीबाग और गया की संयुक्त टीम ने बिहार-झारखंड सीमा पर चौपारण के दनुआ गांव के पास वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की। कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, GT रोड पर जांच के दौरान बोलेरो JH 05 EC 0485 को रोका गया। तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की 259 बोतल विदेशी शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा 97.515 लीटर है। इसके अलावा 192 कैन बीयर भी बरामद हुई, जिसकी मात्रा 96 लीटर बताई गई है।

कुल मिलाकर वाहन से 193.515 लीटर शराब और बीयर बरामद की गई। टीम ने बोलेरो समेत पूरी खेप जब्त कर ली। मौके से कमलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
विभाग ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सीमा क्षेत्र में वाहन जांच और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।