नवरात्र और कलश स्थापना से पहले चतरा में दो दिनों तक प्रस्तावित बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी है। बिजली विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आपूर्ति बंद रखने की सूचना दी है। इसका असर चतरा शहर के अलावा हंटरगंज, जोरी, प्रतापपुर, कुंदा और आसपास के इलाकों में पड़ेगा।
33 केवी इटखोरी-चतरा लाइन के रखरखाव के लिए यह शटडाउन लिया जा रहा है। विभाग के कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी है।

महाल्या और कलश स्थापना के दौरान बिजली कटौती से नाराज लोगों ने अधिकारियों से समय बदलने या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि पर्व की तैयारियों के बीच दिन में पांच घंटे बिजली बंद रखना परेशानी बढ़ाएगा।
मामले में DC रवि आनंद ने संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर समाधान निकालने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।