रांची। रांची पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 13 सितंबर को रांची विश्वविद्यालय के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित होने वाले 14वें शिक्षक सम्मान समारोह के लिए राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में सादर आमंत्रित किया।

इस अवसर पर आलोक कुमार दूबे ने राज्यपाल को समारोह की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राज्य के उत्कृष्ट शिक्षकों और शिक्षा जगत की प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पासवा लगातार 14 वर्षों से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन कर शिक्षकों के समर्पण, सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मानित करता आ रहा है।आलोक कुमार दूबे ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनका सम्मान वास्तव में समाज एवं राष्ट्र का सम्मान है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पासवा की ओर से आयोजित किए जा रहे शिक्षक सम्मान समारोह और शिक्षा के क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने समारोह के लिए मिले आमंत्रण को स्वीकार करते हुए आयोजकों को अपनी शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति अवार्डी सुश्री फलक फातिमा, मेंहुल दूबे, विद्या कुमारी और रिचा कुमारी शामिल थीं। पासवा की ओर से आयोजित इस वार्षिक शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों और उत्कृष्ट शिक्षकों की सहभागिता रहेगी।