झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में डुमरी विधायक जयराम महतो ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है, लेकिन SIR के दौरान नाम, जन्मतिथि और अन्य दस्तावेजों में मामूली अंतर होने से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसी गड़बड़ियों को दूर करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।

सदन में अपनी परेशानी का उदाहरण देते हुए जयराम महतो ने बताया कि उनके और उनके भाई के दस्तावेजों में नाम और जन्मतिथि को लेकर अंतर दर्ज है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान दोनों का स्कूल में नामांकन अलग-अलग जगह हुआ था। वह अपने मामा के घर रहकर पढ़े, जबकि उनके भाई ने अपने घर के पास के स्कूल में शिक्षा हासिल की। इसी वजह से शिक्षकों ने दोनों की जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज कर दी थी, जिसे बाद में ठीक कराना पड़ा। उपनाम की स्पेलिंग में भी अंतर है। उनके नाम में ‘MAHATO‘, जबकि भाई के दस्तावेज में ‘MAHTO‘ लिखा हुआ है।
विधायक ने कहा कि इस तरह की छोटी त्रुटियां SIR की ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रक्रियाओं में बड़ी बाधा बन रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के सामने ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेजों के मिलान को लेकर अतिरिक्त मुश्किलें हैं। ऐसे में केवल ऑनलाइन प्रक्रिया पर निर्भर रहने के बजाय प्रशासन को शिविर लगाकर लोगों के नाम, जन्मतिथि और अन्य दस्तावेजों की विसंगतियां ठीक करनी चाहिए।
मतदाता सूची से नाम हटाने के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग
जयराम महतो ने SIR के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर भी आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रक्रिया के तहत एक विशेष समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। उनका कहना था कि जब सरकार के पास विभिन्न प्रकार के आंकड़े और डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध हैं, तो नाम हटाए जाने का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री से सदन में यह जानकारी रखने की मांग की कि SIR के तहत अब तक कितने मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि कितने लोगों के वोट काटे गए हैं। आंकड़े प्रस्तुत करते समय आदिवासी, अल्पसंख्यक समेत सभी समुदायों का विवरण सामने आना चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।








