Tuesday, October 6, 2026
Home » रांची में दिल्ली पुलिस की दबिश, करोड़ों की ठगी के आरोपी संजू मिश्रा गिरफ्तार

रांची में दिल्ली पुलिस की दबिश, करोड़ों की ठगी के आरोपी संजू मिश्रा गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची में दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से कथित ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संजू मिश्रा उर्फ टुनटुन के रूप में हुई है, जो रांची के गांधी नगर का रहने वाला बताया गया है। आरोपी का अपना कारोबार है और वह किसी काम से दलादली क्षेत्र में पहुंचा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने रांची पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए दलादली इलाके से संजू मिश्रा को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे रातू थाना लाया गया, जहां दिल्ली पुलिस के दो अधिकारी भी मौजूद हैं।

रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो के अनुसार, आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अदालत से अनुमति मिलने के बाद दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ ले जाएगी।

कई लोगों से बड़ी रकम ऐंठने का आरोप

पुलिस का कहना है कि संजू मिश्रा पर अलग-अलग स्थानों पर कई लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और करोड़ों रुपये की रकम हड़पने का आरोप है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित ठगी के लिए आरोपी किस तरीके का इस्तेमाल करता था और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है। दिल्ली ले जाए जाने के बाद मामले में उससे विस्तृत पूछताछ किए जाने की संभावना है, जिसके आधार पर कथित ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment