पलामू और गढ़वा के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। संतरागाछी और जयपुर के खातीपुरा स्टेशन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन (18061/18062) का परिचालन 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ऑनलाइन माध्यम से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। इससे क्षेत्र के यात्रियों को राजस्थान पहुंचने के लिए रेल संपर्क का एक और विकल्प मिलेगा।
शिक्षा और रोजगार के लिए सफर होगा सुविधाजनक
नई ट्रेन सेवा से पढ़ाई, नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए राजस्थान जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल संपर्क से स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि इस सेवा से पलामू संसदीय क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
सांसद ने संसद से रेल मंत्रालय तक उठाया था मुद्दा
संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस शुरू कराने के लिए सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान मांग रखी थी। उन्होंने रेल मंत्रालय को लिखित और मौखिक रूप से भी इस संबंध में अवगत कराया। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू और गढ़वा के लोगों की जरूरतों को सामने रखा था।
सांसद ने उम्मीद जताई कि नई रेल सेवा से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।





