राजधानी में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रांची पुलिस ने शुक्रवार को कांटाटोली चौक से विशेष अभियान चलाया। इसमें आर्चरी मस्कट टाइगर प्रताप ने अनोखे अंदाज में लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह समेत पुलिस टीम ने सड़क पर उतरकर वाहन चालकों और राहगीरों को नियमों की जानकारी दी।
अभियान में टाइगर प्रताप के जरिए बताया गया कि जिस तरह तीरंदाजी में अनुशासन जरूरी है, उसी तरह सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन भी अनिवार्य है।
पुलिस ने दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। साथ ही रेड लाइट, जेब्रा क्रॉसिंग और निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
इस पहल का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना था।





