झारखंड में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने की।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, उनके प्रवास के दौरान होने वाले कार्यक्रमों और कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि नितिन नवीन के झारखंड आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। संगठन के अलग-अलग स्तरों पर कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का अवसर है।
गणेश मिश्रा के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों और अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई, ताकि सभी आयोजन सुचारू रूप से पूरे किए जा सकें।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं समेत मोर्चा अध्यक्ष शामिल
तैयारियों को लेकर हुई बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप कुमार वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्षों, मंत्रियों, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों ने भी हिस्सा लिया।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व का जोर राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और दोनों दिन के कार्यक्रमों को सफल बनाने पर है।





