झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित धांधली की जांच के दौरान एक अहम खुलासा हुआ है। CID की जांच में सामने आया है कि परीक्षा में अनुचित तरीके से अभ्यर्थियों को सफल कराने के लिए सक्रिय सिंडिकेट ने अपने खिलाफ सबूत मिटाने की कोशिश की थी। इसके तहत दलालों ने कई अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र रामगढ़ में छिपा दिए थे। जांच शुरू होने के बाद इन अभ्यर्थियों ने अपने दस्तावेज वापस लेने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया था, ताकि दलालों के पास से प्रमाण पत्र बरामद होने पर उनके और सिंडिकेट के बीच कथित सांठगांठ उजागर न हो सके।

जांच एजेंसी जब घोटाले से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, उसी दौरान मामले के प्रमुख आरोपित रक्षक सिंह और बुद्धेश्वर भगत रामगढ़ पहुंचे थे। दोनों ने अविनाश नायक के घर को अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज रखने के लिए इस्तेमाल किया। जांच में सामने आया कि 22 जुलाई को उमेश कुमार दो थैलों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र भरकर अविनाश नायक के पास छोड़ गया था।
इसके बाद CID की छापेमारी का सिलसिला थमने पर एक अगस्त को बुद्धेश्वर भगत और उमेश कुमार दोबारा रामगढ़ पहुंचे। वहां से दोनों थैलों में रखे प्रमाण पत्र वापस ले लिए गए और संबंधित अभ्यर्थियों को उनके दस्तावेज लौटा दिए गए। जांच के मुताबिक, इस पूरी कवायद का मकसद दस्तावेजों को संभावित साक्ष्य के रूप में पुलिस के हाथ लगने से बचाना था।
एक करोड़ और 80 लाख रुपये तक पहुंचा था चयन का सौदा
SIT के समक्ष दिए गए बयान में आरोपित रक्षक सिंह ने कथित तौर पर परीक्षा में सेटिंग के लिए किए गए संपर्क और पैसों के लेन-देन की जानकारी दी है। उसके बयान के अनुसार, 14वीं JPSC परीक्षा में अभ्यर्थियों को सफल कराने के नाम पर सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों से एक करोड़ रुपये और एसटी-एससी वर्ग के उम्मीदवारों से 80 लाख रुपये लेने का सौदा तय किया गया था।
इस कथित नेटवर्क में रमेश कुमार की भूमिका भी सामने आई है। वह ओरमांझी स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में कार्यरत था और उसने उमाकांत उरांव, रॉकी सचिन लकड़ा, मनोज कुमार तथा रोशन करकेट्टा से संपर्क किया था। आरोप है कि इन चारों अभ्यर्थियों से उसने 10-10 लाख रुपये वसूले। इसमें से चार लाख रुपये अपने कमीशन के रूप में रखने के बाद शेष 36 लाख रुपये बुद्धेश्वर भगत को सौंप दिए गए थे।
OMR की कार्बन कॉपी गायब होने से बढ़ा संदेह
CID की जांच में OMR शीट की कार्बन प्रतियों से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। एजेंसी ने परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से इन प्रतियों की मांग की थी, लेकिन उमाकांत उरांव, रॉकी सचिन लकड़ा, मनोज कुमार और रोशन करकेट्टा ने अपनी-अपनी कार्बन कॉपी उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
इन अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा से पहले ही उन्होंने अपनी OMR शीट की कार्बन प्रतियां बिचौलियों को सौंप दी थीं। जांच एजेंसी के लिए यह तथ्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि OMR की कार्बन कॉपी परीक्षा में कथित हेरफेर और अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से सफल कराने के आरोपों की पड़ताल में अहम साक्ष्य हो सकती है।
CID अब इस पूरे घटनाक्रम के जरिए अभ्यर्थियों, बिचौलियों और कथित सेटिंग सिंडिकेट के बीच संबंधों की कड़ियों को जोड़ रही है।








