झारखंड के माओवादी संगठनों को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराने से जुड़े खालिस्तानी आतंकी नेटवर्क के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के प्रमुख हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया समेत नौ आरोपियों को मोहाली की विशेष NIA अदालत ने भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया है। इस फैसले से जांच एजेंसी के लिए आरोपियों की संपत्तियों को जब्त करने और उनकी गैरमौजूदगी में मुकदमे की कार्यवाही आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

इस मामले की अहम कड़ी झारखंड के नक्सल प्रभावित लातेहार और लोहरदगा जिले से जुड़ी है। यहां माओवादियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन डबल बुल’ के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली थी। अभियान में मुठभेड़ के दौरान दिनेश नगेशिया मारा गया था, जबकि 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर, तीन सब-जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर समेत छह अन्य माओवादियों को गिरफ्तार किया गया था।
अभियान के दौरान नक्सलियों के ठिकानों से 28 आधुनिक हथियार बरामद किए गए थे। इनमें कुछ ऐसे हथियार भी शामिल थे, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर सैन्य बल करते हैं। हथियारों की बरामदगी के बाद NIA ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। जांच और गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ में BKI के साथ हथियारों की आपूर्ति का कनेक्शन सामने आया। एजेंसी को पता चला कि प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन के नेटवर्क के जरिए झारखंड के माओवादियों तक अत्याधुनिक हथियार पहुंचाए गए थे।
पंजाब के पुलिस थाने पर ग्रेनेड हमले से जुड़ा मामला
NIA की ताजा कानूनी कार्रवाई पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित किला लाल सिंह पुलिस थाने पर हुए रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड हमले की जांच से संबंधित है। अप्रैल 2025 में हुए इस हमले के पीछे विदेश में बैठे BKI के आतंकियों की साजिश सामने आई थी। इसी मामले में जांच एजेंसी की याचिका पर सुनवाई करते हुए मोहाली की विशेष अदालत ने हैप्पी पासिया और उसके आठ सहयोगियों को भगोड़ा घोषित किया है।
अदालत के इस आदेश के बाद अब आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकेगी। साथ ही, उनके भारत में मौजूद नहीं होने के बावजूद मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ाने का विकल्प भी खुल गया है।
33 से अधिक मामलों में नामजद है हैप्पी पासिया
हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया को BKI के प्रमुख चेहरों में गिना जाता है। उसके खिलाफ NIA के अलावा पंजाब और हरियाणा पुलिस में भी 33 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है। जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, उसका संपर्क लॉरेंस बिश्नोई के साथ-साथ दविंदर बंबीहा और अर्श डल्ला के गिरोहों से भी रहा है।
बताया जाता है कि अमेरिकी अधिकारियों ने पिछले साल अप्रैल में उसे गिरफ्तार किया था। उसके अमेरिका की जेल में होने की खबरें हैं, हालांकि भारत प्रत्यर्पण की औपचारिक प्रक्रिया और स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण भारतीय जांच एजेंसियों के रिकॉर्ड में उसे भगोड़ा माना जा रहा है। इस मामले में भगोड़ा घोषित किए गए अन्य आठ आरोपी भी विदेश में छिपे बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को निशाना बनाने का आरोप
NIA इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े मामले में पहले ही 11 गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि विदेश में बैठे आतंकी हैंडलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे। इसके लिए वे युवाओं की व्यक्तिगत परिस्थितियों और कमजोरियों का इस्तेमाल कर उनका ब्रेनवॉश करते और उन्हें आतंकी गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश करते थे।
हैप्पी पासिया समेत नौ आरोपियों को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद अब NIA की कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है। इस पूरे मामले में झारखंड के माओवादी संगठनों तक हथियार पहुंचाने से लेकर पंजाब में आतंकी हमलों की साजिश और युवाओं की भर्ती तक के कथित नेटवर्क की जांच की जा रही है।








