Home » पारसनाथ के जंगल में नक्सलियों की साजिश नाकाम, 5 किलो का कैन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद

पारसनाथ के जंगल में नक्सलियों की साजिश नाकाम, 5 किलो का कैन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के गिरिडीह जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पारसनाथ पहाड़ी इलाके के जिरवाबेड़ा जंगल में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए हैं।

कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक को जानकारी मिली थी कि जिरवाबेड़ा जंगल के आसपास नक्सलियों ने विस्फोटक और हथियार बनाने की सामग्री छिपा रखी है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की विशेष संयुक्त टीम को इलाके में भेजा गया।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5

जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को करीब 5 किलोग्राम वजन का एक कैन बम मिला। इसके अलावा लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल, करीब 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल और विस्फोटक व ग्रेनेड तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।

तलाशी के दौरान मौके से एक इमरजेंसी लाइट भी मिली है। बरामद सामान को सुरक्षाबलों ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को पारसनाथ क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बरामद विस्फोटक और अन्य सामान से यह आशंका जताई जा रही है कि इन्हें किसी बड़ी वारदात की तैयारी में इस्तेमाल किया जाना था।

You may also like

Leave a Comment