हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस की एक कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर रात में झोपड़ियों में घुसकर लाठी चलाने, मारपीट और घरेलू सामान तोड़ने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस दौरान आठ दिन पहले सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची को जन्म देने वाली एक महिला को भी पीटा गया। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।

चौपारण के महाराजगंज चकरसार निवासी सोनिया खातून अपनी बेटी की डिलीवरी कराने हजारीबाग आई थीं। उन्होंने बताया कि घटना के समय बेटी के ऑपरेशन को महज आठ दिन हुए थे और टांके भी नहीं कटे थे। रात में परिवार झोपड़ी में सो रहा था, तभी पुलिस की टीम पहुंची और उसे हटाने लगी। सोनिया का आरोप है कि विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने लाठियां बरसाईं। बेटी की सर्जरी का हवाला देकर छोड़ने की गुहार लगाने के बावजूद उसके पैर और ऑपरेशन वाले हिस्से पर डंडे मारे गए।
बर्तन, कपड़े और नकदी ले जाने का भी दावा
महिलाओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान सो रही दूसरी महिलाओं को भी बाहर खींचकर पीटा गया। झोपड़ियों में रखे बर्तन, कपड़े, खटिया और खाना नष्ट कर दिया गया। एक झोपड़ी में आग लगाने का भी दावा किया गया है। साझरा बेगम ने भी पुलिस पर घरेलू सामान तोड़ने और परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
महिलाओं के मुताबिक, प्रसूता के इलाज और नवजात की दवाइयों के लिए रखे 10 हजार रुपये भी गायब हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पान और खैनी ले जाने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत लेकर भटकने का दावा, पुलिस ने आरोप नकारे
सोनिया खातून के अनुसार, घटना के बाद महिलाएं पहले बड़ा बाजार थाना और फिर सदर थाना पहुंचीं, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वे मीना कोठी स्थित कार्यालय गईं। महिलाओं का दावा है कि वहां उन्हें कथित आरोपी पुलिसकर्मी का सामना करना पड़ा और वाहन से कुचलने की धमकी दी गई।
वहीं, बड़ा बाजार थाना प्रभारी मुकेश रजक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि शहर में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पीसीआर टीम दिन में संत स्टीफन स्कूल के पास मैदान का निरीक्षण करने गई थी। वहां मौजूद लोगों को जगह खाली करने को कहा गया था। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने किसी के साथ मारपीट, लाठीचार्ज या तोड़फोड़ नहीं की।
फिलहाल महिलाओं के आरोपों और पुलिस के दावे में विरोधाभास है। मामले की निष्पक्ष जांच और कथित रूप से घायल प्रसूता की चिकित्सकीय जांच से ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








