झारखंड सरकार की 25 सितंबर को प्रस्तावित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक के स्थगित होने की संभावना है। सरकार के उच्च स्तर पर बैठक को आगे बढ़ाने को लेकर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के असामयिक निधन से पूरा मंत्रिमंडल शोकाकुल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सरकार के कई मंत्री इस घटना से बेहद दुखी हैं।

ऐसे भावनात्मक और शोकपूर्ण माहौल के बीच गुरुवार को कैबिनेट की बैठक आयोजित करना सरकार फिलहाल उचित नहीं मान रही है। इसी वजह से बैठक को स्थगित करने पर विचार किया गया है।
हालांकि, अंतिम निर्णय और बैठक स्थगित होने की औपचारिक पुष्टि सरकारी अधिसूचना जारी होने के बाद ही होगी। तब तक 25 सितंबर की कैबिनेट बैठक को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं मानी जा रही है।