Table of Contents
तेलंगाना के मंचिर्याल जिले में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी पर किए गए कथित हमले का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल वापस जाने से इनकार करने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसकी नाक को दांतों से काट दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, जिसके बाद हालत को देखते हुए वारंगल के MGM अस्पताल रेफर किया गया।
मामला कोटपल्ली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कोटपल्ली निवासी ममता की शादी करीब आठ वर्ष पहले मल्लमपेट के मणिचंदर से हुई थी। दंपति की दो बेटियां हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता अपने मायके में रह रही थी।

पत्नी को वापस ले जाने पहुंचा था पति
बताया गया है कि मणिचंदर पत्नी को वापस ससुराल ले जाने के लिए उसके मायके पहुंचा था। वहां उसने ममता से घर लौटने को कहा, लेकिन महिला ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, झगड़े के दौरान मामला इतना बिगड़ गया कि मणिचंदर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के पिता नारायण पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि उसने डंडे से नारायण के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गए।
पिता को बचाने आई महिला पर हमला
हमले के दौरान जब ममता अपने पिता को बचाने के लिए आगे आई, तो आरोपी पति ने कथित तौर पर उस पर भी हमला कर दिया। इसी दौरान उसने महिला की नाक पर दांत से काट लिया। चोट इतनी गंभीर थी कि नाक का एक हिस्सा अलग हो गया।

अचानक हुई इस घटना से घर में मौजूद परिजन और अन्य लोग घबरा गए। उन्होंने घायल ममता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वारंगल के MGM अस्पताल भेज दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
पति के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी बाकी
कोटपल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर राजशेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटना की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी मणिचंदर की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की स्पेशल रिपोर्ट