सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हेहल मौजा में सरना स्थल की चारदीवारी को लेकर विवाद सामने आया है। हेलाल सरना समिति ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग निर्माण कार्य में रुकावट डालने की कोशिश कर रहे हैं। मामले को लेकर समिति ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
समिति के पदाधिकारियों ने सुखदेवनगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कहा कि सरना स्थल की घेराबंदी का काम चल रहा है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के मुताबिक, इससे स्थानीय ग्रामीणों और आदिवासी समाज में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए समिति ने निर्माण कार्य को बिना किसी व्यवधान के पूरा कराने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने समिति का आवेदन स्वीकार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ विवाद के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।