Wednesday, October 7, 2026
Home » जनता की शिकायतें बनीं पुलिस के फैसले का आधार, चीनी फैक्ट्री से नो-एंट्री तक सख्ती

जनता की शिकायतें बनीं पुलिस के फैसले का आधार, चीनी फैक्ट्री से नो-एंट्री तक सख्ती

by उर्वशी शेखर
0 comments

आम लोगों की समस्याओं को मौके पर समझने और उनके समाधान के लिए रांची पुलिस का जन समस्या समाधान कार्यक्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ पुलिस कार्यालय में बैठक हुई। इसमें स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात और अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, क्षेत्र के व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों और अन्य स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं।

नागरिकों से मिली शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए हैं। इनमें संवेदनशील स्थान पर पुलिस पोस्ट स्थापित करने से लेकर नो-एंट्री में भारी वाहनों की आवाजाही पर कड़ी कार्रवाई और सब्जी बाजार में अतिक्रमण की समस्या दूर करने की पहल शामिल है।

बंद चीनी फैक्ट्री में बनेगा पुलिस पोस्ट

बड़ा तालाब के पास अघोरी आश्रम से सटी बंद चीनी फैक्ट्री के परिसर में कथित असामाजिक गतिविधियों की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए यहां पुलिस पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

पुलिस पोस्ट पर एक बीट अधिकारी की तैनाती होगी। इसके अलावा Tiger Mobile पेट्रोलिंग के साथ चार पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। पुलिस के अनुसार, इस क्षेत्र में चौबीसों घंटे गश्त और निगरानी रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

नो-एंट्री में भारी वाहनों पर कार्रवाई

बैठक में जालान रोड, भुइयां टोली, किशोरी सिंह यादव चौक और सेवा सदन क्षेत्र में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश और सड़क किनारे पार्किंग से होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठा।

पुलिस ने निर्देश दिया है कि नो-एंट्री के समय भारी मालवाहक वाहनों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने या सड़क पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। व्यवसायिक वाहनों को नो-एंट्री शुरू होने से पहले संबंधित इलाके से बाहर निकलना होगा और प्रतिबंध समाप्त होने के बाद ही दोबारा प्रवेश करना होगा।

निर्धारित समय में सड़क पर भारी वाहन खड़ा मिलने पर नियम के तहत चालान और अन्य कार्रवाई की जाएगी।

नागा बाबा खटाल बाजार में अतिक्रमण पर निगम के साथ कार्रवाई

नागा बाबा खटाल के सब्जी बाजार में सड़क पर दुकानें लगने से यातायात प्रभावित होने की शिकायत स्थानीय वार्ड पार्षदों और नागरिकों ने रखी। मामले में पुलिस और नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित कर स्थल का निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया है।

वस्तुस्थिति के आधार पर नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। संवेदनशील इलाकों में Tiger Mobile और बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाने, नशे तथा असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

स्थानीय लोगों की ओर से उठाए गए मामलों पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के साथ-साथ फॉलो-अप और अनुपालन की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जन समस्या समाधान कार्यक्रम के जरिए पुलिस और आम लोगों के बीच सीधा संवाद कायम करने का प्रयास है। नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध या असामाजिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और शहर में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।

You may also like

Leave a Comment