हंटरगंज थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने घायल युवक को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई। चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर नागर स्थित प्रिंस होटल के पास बाइक दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय पुलिस वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई थी। हादसे में उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और थाना प्रभारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए संदीप कुमार ने तत्काल उसे हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाने का निर्णय लिया। पुलिस वाहन से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान गया जिले के अमारुद निवासी विनय कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र विभूति कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस की तत्परता की स्थानीय लोगों ने की सराहना
हादसे के बाद घायल को जल्द चिकित्सा सुविधा मिलना महत्वपूर्ण था। ऐसे में थाना प्रभारी द्वारा मौके पर पहुंचकर तत्काल अस्पताल ले जाने के फैसले की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में महज औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय मानवीय संवेदना और त्वरित निर्णय का परिचय दिया।
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया चालकों से नियंत्रित गति में वाहन चलाने और सफर के दौरान हेलमेट पहनने की अपील की।