Home » रांची : थाने में जनता ने खोली पुलिसिंग की पोल, SSP ने पुलिस को दिया एक्शन का आदेश

रांची : थाने में जनता ने खोली पुलिसिंग की पोल, SSP ने पुलिस को दिया एक्शन का आदेश

by उर्वशी शेखर
0 comments

राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना परिसर में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में पुलिस की कार्यशैली, इलाके में बढ़ती छोटी आपराधिक घटनाओं और खुले में शराबखोरी को लेकर लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। रांची के एसएसपी ने लोगों से सीधे बातचीत कर शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात में अपेक्षित बदलाव नहीं आ रहा है।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

एसएसपी ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुखदेवनगर में भी बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कुछ लोगों ने पुराने मामलों में कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। एक मामले में एसएसपी ने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया, जबकि व्यावसायिक विवाद से संबंधित शिकायतों के लिए लोगों को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष जाने की सलाह दी गई।

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में छोटी आपराधिक घटनाओं को लेकर मिली शिकायतों पर एसएसपी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने थाना प्रभारी को नियमित गश्त प्रभावी बनाने और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा। साथ ही एएसपी कोतवाली को भी इलाके की पुलिसिंग पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके।

खुले में शराब पीने और अड्डेबाजी पर होगी निगरानी

कार्यक्रम में शराब दुकानों के आसपास खुले में शराब पीने और अनधिकृत दुकानों पर जमावड़े की शिकायतें भी सामने आईं। एसएसपी ने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर संबंधित विभागों के समन्वय से कार्रवाई करने को कहा। मैदानों में अड्डेबाजी करने वाले लोगों की पहचान कर उनका रिकॉर्ड तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।

इस रिकॉर्ड में संबंधित लोगों की पहचान, पता और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उनके अभिभावकों को भी सूचित किया जा सकता है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे जमावड़ों से स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी कम करना और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

टाइगर मोबाइल के जवानों की तैनाती में हो सकता है बदलाव

एसएसपी ने लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनात टाइगर मोबाइल के जवानों को बदलने की संभावना पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में समय-समय पर कर्मियों की तैनाती बदलना सामान्य प्रक्रिया है। एक ही जगह लंबे समय तक रहने से पुलिसकर्मी स्थानीय परिस्थितियों के अभ्यस्त हो सकते हैं। ऐसे में नए जवानों की तैनाती से पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।

संज्ञेय अपराध में FIR दर्ज करना अनिवार्य

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि संज्ञेय अपराध की जानकारी मिलने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। यदि किसी थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती है, तो संबंधित व्यक्ति वरीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर सकता है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि ऐसी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment