गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों की डकैती के मामले में पुलिस ने फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। वारदात में शामिल पांचों आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए पुलिस ने प्रत्येक पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। अपराधियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने वालों को इनाम दिया जाएगा। घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
बीते 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया था। सभी आरोपी रेनकोट पहनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए थे। अंदर पहुंचते ही उन्होंने हथियार दिखाकर बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को अपने नियंत्रण में ले लिया।
इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर में रखे करीब 23 किलोग्राम सोने और 43 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

चार दिन की छापेमारी के बाद भी पुलिस के हाथ खाली
इस सनसनीखेज वारदात के बाद जमशेदपुर पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी है। पिछले चार दिनों से पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
अब पुलिस ने पांचों आरोपियों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से भी उनकी पहचान और गिरफ्तारी में सहयोग मांगा है। प्रत्येक आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम रखे जाने के बाद पांचों की गिरफ्तारी में मददगार सूचना के लिए कुल घोषित इनाम राशि दस लाख रुपये हो गई है।
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, विपक्ष ने सरकार को घेरा
झारखंड की सबसे बड़ी बैंक डकैती बताई जा रही इस घटना ने बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में सोना और लाखों रुपये नकद लूटे जाने के बाद भी अपराधियों का पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहना चिंता का विषय बना हुआ है।

वहीं, इस वारदात को लेकर सियासी हलचल भी तेज हो गई है। विपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है। फिलहाल पुलिस के सामने पांचों फरार अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटी गई संपत्ति बरामद करना बड़ी चुनौती है।