Tuesday, October 6, 2026
Home » प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ बोकारो में BJP का प्रदर्शन, मधु कोड़ा ने सरकार पर साधा निशाना

प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ बोकारो में BJP का प्रदर्शन, मधु कोड़ा ने सरकार पर साधा निशाना

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में JPSC, JSSC-CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ बोकारो में प्रदर्शन किया। चास से शुरू हुआ पार्टी का मार्च डीसी कार्यालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने किया।

मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि झारखंड के युवा मेहनत और योग्यता के आधार पर नौकरी हासिल करना चाहते हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों से उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज कर उनके आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है।

मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा अभ्यर्थियों के मुद्दे को लेकर सड़क से विधानसभा तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने परीक्षा मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग करते हुए राज्य सरकार की मौजूदा जांच व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार राज्य की व्यवस्था संभालने में सक्षम नहीं है तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन मुद्दों को लेकर जागरूक हो चुकी है और राज्य की बिगड़ती स्थिति को लेकर चुप नहीं बैठेगी।

You may also like

Leave a Comment