Tuesday, October 6, 2026
Home » सिकंदराबाद में सेना की शस्त्रागार से हथियार चोरी, चार गिरफ्तार

सिकंदराबाद में सेना की शस्त्रागार से हथियार चोरी, चार गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

सिकंदराबाद छावनी के बोलाराम इलाके में मद्रास रेजीमेंट की शस्त्रागार से हथियार और गोला-बारूद चोरी होने का मामला सामने आने के बाद सेना से लेकर तेलंगाना पुलिस तक हड़कंप मच गया है। घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस को आशंका है कि इतनी सुरक्षित जगह से हथियार गायब होने में परिसर से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है।

जानकारी के मुताबिक, चोरी रविवार देर रात हुई और सोमवार सुबह इसका पता चला। अधिकारियों ने शस्त्रागार का निरीक्षण किया तो हथियार और गोला-बारूद रखने वाले कई बक्सों के ताले टूटे मिले। शुरुआती जांच के बाद सेना की ओर से बोलाराम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

पुलिस के अनुसार, चोरी हुए सामान में चार AK-203 राइफल, एक 5.56 एमएम INSAS राइफल, छह 9 एमएम ऑटो पिस्टल और एक 6.35 बोर की सिविलियन पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा 21 मैगजीन और एक पैसिव नाइट विजन दूरबीन भी गायब बताई गई है। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में BNS की धारा 331(4) और 305 के तहत केस दर्ज किया गया है। सेना की आंतरिक जांच के साथ तेलंगाना पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस इकाइयां भी जांच में जुट गई हैं।

घटना के समय बटालियन की मुख्य टुकड़ी, जिसमें कमांडिंग ऑफिसर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, राजस्थान के पोखरण में फील्ड फायरिंग अभ्यास के लिए गई हुई थी। यूनिट की जिम्मेदारी उस दौरान सेकेंड-इन-कमांड के पास थी।

जांच के सिलसिले में सेना ने सिविलियन स्टाफ और अग्निवीर योजना के तहत भर्ती जवानों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शस्त्रागार तक पहुंच किसे थी, सुरक्षा व्यवस्था में सेंध कैसे लगी और चोरी किए गए हथियारों को कहां ले जाया गया।

हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की विशेष रिपोर्ट

You may also like

Leave a Comment