रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। मां के निधन के बाद आयोजित पारंपरिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में सामाजिक एवं रीति-रिवाजों के अनुसार विभिन्न रस्में पूरी कीं।

परंपरा के तहत हेमंत सोरेन ने अपनी माता की आत्मा की शांति के लिए दातून, जल और भोजन अर्पित करने की रस्म निभाई। इस दौरान वह भावुक नजर आए और मां को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए नमन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों के अलावा उनके सगे-संबंधी और नेमरा गांव के ग्रामीण भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान माहौल बेहद शांत और भावुक रहा।






