Home » एक दशक बाद आज हो रही जेटेट परीक्षा, हजारीबाग के 53 केंद्रों पर 19,726 अभ्यर्थी शामिल

एक दशक बाद आज हो रही जेटेट परीक्षा, हजारीबाग के 53 केंद्रों पर 19,726 अभ्यर्थी शामिल

by उर्वशी शेखर
0 comments

करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) का आयोजन आज रविवार को हो रहा है। हजारीबाग जिले के 53 परीक्षा केंद्रों पर कुल 19,726 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद परीक्षा आयोजित होने से उम्मीदवारों में खासा उत्साह है। वहीं, परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जिले के सदर, कटकमदाग, बरही, पदमा, इचाक और चुरचू प्रखंडों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि भीड़भाड़ और किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि पर नियंत्रण रखा जा सके।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित है। इसमें कक्षा छह से आठ तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी, जिसमें कक्षा एक से पांच तक के लिए पात्रता हासिल करने वाले उम्मीदवार परीक्षा दे रहे हैं।

इस परीक्षा में बड़ी संख्या में पहले से कार्यरत शिक्षक भी अपनी पात्रता साबित करने के लिए शामिल हो रहे हैं। शहर के बिहारी गर्ल्स हाई स्कूल, डिस्ट्रिक्ट सीएम एसओई, मिशन स्कूल, हिंदू स्कूल, केबी हाई स्कूल, आरक्षी स्कूल, संत रॉबर्ट स्कूल, गुलमोहर पब्लिक स्कूल, देव कॉलेज, संत किरण स्कूल, माउंट एग्माउंट, संत स्टीफेंस, इंटर साइंस कॉलेज और मोंटफोर्ट समेत कई शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए शिक्षकों की भी तैनाती की गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, शहरी क्षेत्र के केंद्रों पर वीक्षण कार्य के लिए 394 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य प्रखंडों में संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के माध्यम से शिक्षकों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

करीब एक दशक बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था रखी गई है। अब प्रशासन का मुख्य जोर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कदाचार की किसी भी संभावना को रोकने पर है।

You may also like

Leave a Comment