Thursday, October 8, 2026
Home » धनबाद में भू-धंसान से कई घर जमींदोज, मासूम की मौत के बाद सिजुआ में सड़क पर उतरे ग्रामीण

धनबाद में भू-धंसान से कई घर जमींदोज, मासूम की मौत के बाद सिजुआ में सड़क पर उतरे ग्रामीण

by उर्वशी शेखर
0 comments

धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भू-धंसान ने एक बार फिर इलाके में खौफ पैदा कर दिया। सिजुआ 10 नंबर में अचानक जमीन का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे कई मकान इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जमीन पर जगह-जगह गहरी और चौड़ी दरारें दिखाई देने लगीं।

हादसे में दो बच्चों सहित करीब आधा दर्जन महिलाओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

दरारें बढ़ने से दहशत, घर छोड़कर बाहर निकले लोग

भू-धंसान के बाद इलाके में स्थिति बेहद भयावह बनी हुई है। जमीन में लगातार दिखाई दे रही दरारों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। संभावित खतरे को देखते हुए कई परिवार अपने घरों से बाहर निकल आए हैं।

ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जमीन धंसने का सिलसिला आगे बढ़ा तो आसपास के अन्य मकान भी इसकी जद में आ सकते हैं। इससे इलाके में रहने वाले लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।

BCCL और प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। ग्रामीणों ने BCCL और जिला प्रशासन पर सुरक्षा और पुनर्वास के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।

आक्रोशित लोगों ने सिजुआ-धनबाद मुख्य सड़क को जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी भू-धंसान की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने और उनकी जान-माल की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान नहीं किया गया।

तत्काल राहत और सुरक्षा की मांग

सड़क पर प्रदर्शन के कारण मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और BCCL अधिकारियों से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और भू-धंसान के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment