जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से करीब 25 किलोमीटर दूर मजगाम गांव में स्थित करीब 600 साल पुराना जय भवानी माता मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल भी पेश करता है। यहां मां दुर्गा को प्रतिदिन खीर का भोग लगाया जाता है। खास बात यह है कि मंदिर से जुड़ी इस परंपरा में गांव के मुस्लिम समुदाय की भी सक्रिय भागीदारी रहती है।

हैदराबाद के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी तिप्पराजू रमेश बाबू ने BG-24 लाइव न्यूज को दी जानकारी में बताया कि वर्ष 1990 में कश्मीर घाटी में आतंकवाद और हिंदू पंडितों के पलायन के दौर में मजगाम गांव के मुस्लिम निवासियों ने मंदिर और वहां रह रहे हिंदू परिवारों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके अनुसार, स्थानीय लोगों ने आतंकियों के खतरे के बीच मंदिर और हिंदू समुदाय की रक्षा की थी।
मंदिर में हर साल तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन होता है। इस दौरान एक दिन गांव के मुस्लिम समुदाय के लोग स्वयं मां भवानी के प्रिय प्रसाद खीर को तैयार करते हैं और मंदिर में भोग अर्पित करते हैं। इसके बाद प्रसाद हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों के बीच बांटा जाता है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आपसी विश्वास और धार्मिक सद्भाव का प्रतीक बनी हुई है।
रमेश बाबू के मुताबिक, इस मंदिर का अमरनाथ यात्रा से भी विशेष संबंध है। अमरनाथ जाने वाले कई श्रद्धालु यात्रा को आगे बढ़ाने से पहले खीर भवानी माता के दर्शन करते हैं। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और मंदिर को कश्मीर के प्रमुख आस्था स्थलों में विशेष स्थान दिलाती है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








