ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एक संगठन उनके खिलाफ थाने में लिखित शिकायत देने की तैयारी कर रहा है। शिकायत में प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश के आंदोलन से प्रेरित होने संबंधी कथित बयान को आधार बनाया जाएगा। इसके समर्थन में ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता संगठन पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करेगा।
यह मामला दिल्ली में आयोजित एक विरोध मार्च से जुड़ा है, जहां पुलिस ने नेहा बोरा को एहतियातन हिरासत में लिया था। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
इसके बाद नेहा बोरा ने शांति बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से जारी 10 हजार रुपये के मुचलके संबंधी नोटिस को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। अब प्रस्तावित पुलिस शिकायत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।





