लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सोमवार को रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध के साथ-साथ सामाजिक न्याय, संवैधानिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा से जोड़कर बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट और लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम लोगों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि FIR और सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज दबाई जा सकती है। उनके मुताबिक राहुल गांधी के साथ देश के किसान, युवा, छात्र, आम नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से खड़े हैं।
कमलेश ने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सामाजिक सौहार्द या संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कृत्य किया गया है तो उनके खिलाफ भी तत्काल प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में कानून का राज है और कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।