रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। सोमवार से टिकटों की बिक्री शुरू होते ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर फैंस की भारी भीड़ देखने को मिली। टिकट हासिल करने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
ऑनलाइन बिक्री शुरू होने के कुछ ही समय बाद उपलब्ध टिकट तेजी से बिक गए। हालांकि, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी श्रेणियों के टिकट नहीं रखे गए थे। यहां 2000 से 3000 रुपये तक की कीमत वाले चुनिंदा टिकट ही उपलब्ध कराए गए थे। बिक्री शुरू होते ही इन टिकटों की मांग इतनी बढ़ी कि कुछ ही समय में सभी टिकट बुक हो गए। कई प्रशंसकों को ऑनलाइन टिकट नहीं मिल सका।
इसके बाद क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान ऑफलाइन काउंटरों पर टिक गया। जेएससीए स्टेडियम के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। टिकट लेने की चाह में कई प्रशंसक रविवार रात से ही स्टेडियम के बाहर पहुंच गए थे। रातभर इंतजार करने के बाद भी उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेडियम परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। पुलिस की अतिरिक्त तैनाती के बीच महिला और पुरुष प्रशंसक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई घंटों तक कतार में खड़े रहने के बावजूद फैंस में मैच देखने को लेकर खासा उत्साह बना रहा।
इस मुकाबले को लेकर दीवानगी केवल रांची तक सीमित नहीं है। झारखंड के अलग-अलग जिलों से क्रिकेट प्रेमी राजधानी पहुंच रहे हैं। हजारीबाग, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो और रामगढ़ समेत कई इलाकों से लोग टिकट लेने के लिए रांची पहुंचे हैं। प्रशंसकों के बीच अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को जेएससीए स्टेडियम में लाइव देखने की खास उत्सुकता है। टिकट के लिए लंबा इंतजार और परेशानी भी उनके उत्साह को कम नहीं कर पा रही है।