महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा को बंजारा हिल्स से स्थानांतरित कर जुबली हिल्स के रोड नंबर 92 स्थित KBR पार्क के समीप स्थापित किया जा रहा है। नए स्थल को ‘अग्रसेन धाम’ नाम दिया गया है। इसका लोकार्पण 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह 9 बजे तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला करेंगे।
समारोह में तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष गद्दम प्रसाद कुमार और विधान परिषद के अध्यक्ष सुखेंद्र रेड्डी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. गिरीश संघी करेंगे। समारोह में सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों और समाज के कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना है।

तैयारियों के लिए समिति गठित
लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर 7 अक्टूबर को हैदराबाद के बीकानेरवाला में बैठक हुई। आयोजन को सुचारू बनाने के लिए संयोजन समिति गठित की गई, जिसमें राजेश अग्रवाल को संयोजक और रामनिवास बंसल को सह-संयोजक बनाया गया। बैठक में अनिरुद्ध गुप्ता, सुरेश जगनानी, सुनील पाटोदिया, बद्री विशाल मोर और तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल समेत अन्य प्रमुख सदस्यों ने तैयारियों की समीक्षा की।

समाज में उत्साह
महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के नए स्थल पर स्थापित होने को लेकर वैश्य समाज में उत्साह का माहौल है। ‘अग्रसेन धाम’ के लोकार्पण को लेकर खासकर युवाओं और महिलाओं में काफी उत्सुकता देखी जा रही है।
प्रतिमा स्थापना में सहयोग के लिए समाज की ओर से तेलंगाना सरकार और GHMC आयुक्त कर्णन के प्रति आभार जताया गया है।
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को ही महाराजा अग्रसेन की जयंती भी है। ऐसे में उनकी प्रतिमा के नए स्थल के लोकार्पण को समाज के लिए विशेष अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट