Friday, October 9, 2026
Home » लातेहार में आदिवासी महिला से कथित दुर्व्यवहार पर कार्रवाई, थाना प्रभारी और सिपाही निलंबित

लातेहार में आदिवासी महिला से कथित दुर्व्यवहार पर कार्रवाई, थाना प्रभारी और सिपाही निलंबित

0 comments

लातेहार जिले में आदिवासी महिला से कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। एसपी कुमार गौरव ने बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और सिपाही मनीष राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।

मामले की जांच के लिए बालूमाथ एसडीपीओ और महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में कमेटी गठित की गई है। पुलिस के अनुसार, महिला को अफीम कारोबार से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। इसी दौरान कथित तौर पर महिला ने एक पुलिसकर्मी को दांत काट लिया था।

मामला सोशल मीडिया पर सामने आए आरोपों के बाद चर्चा में आया। पोस्ट में दावा किया गया कि महिला बकरी चरा रही थीं, तभी थाना प्रभारी समेत कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें थाने ले जाया गया। रास्ते में पिटाई, थाने में प्रताड़ना और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई

मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लातेहार पुलिस को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि पुलिस की ओर से इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

इसके बाद एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी। अब गठित जांच समिति की रिपोर्ट से घटना की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की सच्चाई स्पष्ट होगी।

You may also like

Leave a Comment