राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने कार्रवाई करते हुए करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की है। इस मामले में एक पुरुष और एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों कुआलालंपुर जाने वाली उड़ान से यात्रा करने वाले थे।

DRI की हैदराबाद जोनल यूनिट को खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 22 अक्टूबर को एक भारतीय पुरुष यात्री को जांच के लिए रोका गया। उसके केबिन बैग की तलाशी के दौरान अमेरिकी डॉलर और मलेशियाई रिंगिट मिले, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 63.62 लाख रुपये आंकी गई।
जांच में पता चला कि विदेशी करेंसी को ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखा गया था। इसके बाद अधिकारियों ने उसी उड़ान से यात्रा कर रही एक महिला यात्री की गतिविधियों पर नजर रखी। उसका पीएनआर अलग था, लेकिन संदेह के आधार पर उसे भी रोककर तलाशी ली गई।
महिला के केबिन बैगेज से 79,600 अमेरिकी डॉलर बरामद हुए। इनकी कीमत करीब 91.94 लाख रुपये बताई गई है। दोनों यात्रियों से बरामद विदेशी मुद्रा का कुल मूल्य लगभग 1.56 करोड़ रुपये है। DRI ने दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विदेशी मुद्रा कहां से लाई गई थी और इसे विदेश ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जांच की जा रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट





