Tuesday, October 6, 2026
Home » जमशेदपुर : बैंक के अंदर हथियारबंद लूट, कर्मचारियों-ग्राहकों को बंधक बनाकर लाखों रूपये ले उड़े अपराधी

जमशेदपुर : बैंक के अंदर हथियारबंद लूट, कर्मचारियों-ग्राहकों को बंधक बनाकर लाखों रूपये ले उड़े अपराधी

by उर्वशी शेखर
0 comments

जमशेदपुर के गोलमुरी इलाके में गुरुवार को केनरा बैंक की शाखा में दिनदहाड़े हुई लूट से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद हथियारों से लैस पांच अपराधी अंदर दाखिल हुए और कर्मचारियों व मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। करीब एक घंटे तक बैंक के भीतर स्थिति पूरी तरह अपराधियों के नियंत्रण में रही।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल के अनुसार, सभी आरोपी हथियार लेकर बैंक में पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को डराकर बंधक बना लिया। इसी दौरान बैंक सुरक्षा गार्ड ने विरोध करने की कोशिश की, जिस पर अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की। हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।

मैनेजर से खुलवाया लॉकर

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने बैंक मैनेजर को धमकाकर लॉकर खुलवाया। इसके बाद वहां से करीब 43 लाख रुपये नकद निकाल लिए गए। इसके अलावा ग्राहकों के गोल्ड लोन से संबंधित रखा गया सोना भी अपराधी अपने साथ ले गए।

वारदात के दौरान बैंक में मौजूद किसी कर्मचारी या ग्राहक को तत्काल पुलिस को सूचना देने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान बैंक का अलार्म क्यों नहीं बजाया जा सका।

भागने के रास्ते की तलाश में जुटी पुलिस

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बैंक से निकलकर फरार हो गए। ग्रामीण एसपी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में उनके मोटरसाइकिल से भागने की बात सामने आई है। पुलिस ने अपराधियों के संभावित भागने वाले रास्तों की पहचान शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने बैंक पहुंचकर जांच शुरू की। बैंक में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का सुराग मिल सके।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी टीमों को सक्रिय किया है। फिलहाल लूटे गए कैश और सोने की कुल मात्रा के साथ आरोपियों की पहचान और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment