बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की अहम बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, वरिष्ठ नेताओं और सभी आठ प्रत्याशियों को बुलाया गया है। चुनावी रणनीति और घटक दलों के बीच समन्वय पर मंथन किया जा रहा है।
बैठक में जेडीयू विधायक अनंत सिंह भी पहुंचे, लेकिन उनका रुख एनडीए की रणनीति से अलग नजर आया। उन्होंने साफ कहा कि वह जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करते रहेंगे और अपने फैसले पर कायम हैं।

अनंत सिंह के इस बयान ने चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। एक तरफ एनडीए अपने उम्मीदवारों के पक्ष में रणनीति तैयार कर रहा है, वहीं गठबंधन के एक विधायक का दूसरे दल के प्रत्याशी के समर्थन में खुलकर प्रचार करना नेतृत्व के लिए चुनौती बन सकता है।
अब देखना होगा कि एनडीए नेतृत्व अनंत सिंह के रुख पर क्या प्रतिक्रिया देता है और बैठक के बाद गठबंधन की चुनावी रणनीति किस रूप में सामने आती है।