रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एक ईमानदार व्यक्ति और मजबूत नेतृत्व देश और राज्य की तकदीर एवं तस्वीर बदलने के लिए काफी है। नरेंद्र मोदी इसका अनुपम उदाहरण हैं।रांची के कांके में आयोजित भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से 140 करोड़ लोगों की सेवा भावना के साथ काम कर रहे हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री का पूरा जीवन देश के लिए समर्पित है और उन्होंने किसी के साथ भेदभाव किए बिना गांव, गरीब, किसान, शोषित और वंचित वर्गों के लिए काम किया है।आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के कारण देश के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद पहली बार लोगों को यह महसूस हुआ है कि देश का नेतृत्व उनके बीच से आने वाला और उनकी समस्याओं की चिंता करने वाला व्यक्ति कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उनके नेतृत्व में भारत का दुनिया में सम्मान बढ़ा है। साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को बेमिसाल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में झारखंड में साहिबगंज में गंगा नदी पर पुल, एम्स, मेडिकल कॉलेज, रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्गों के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड के खनिज संसाधनों और राजस्व से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के हक और अधिकारों की रक्षा करेगी।