सीसीएल के सीएमडी नीलेंदू कुमार सिंह ने आम्रपाली कोल परियोजना का दौरा कर उत्पादन और कोयला डिस्पैच की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं के प्रदर्शन और मौजूदा प्रगति की जानकारी ली।
आम्रपाली के जीएम कार्यालय में हुई बैठक में मगध, आम्रपाली और चंद्रगुप्त कोल परियोजनाओं में कोयला उत्पादन तथा डिस्पैच से जुड़े आंकड़ों की समीक्षा की गई। बैठक में डिस्पैच की कम मात्रा का मुद्दा सामने आने पर सीएमडी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मगध और आम्रपाली परियोजना के महाप्रबंधकों को डिस्पैच में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

सीएमडी के आम्रपाली पहुंचने पर परियोजना के जीएम संजीव कुमार, मगध जीएम राजीव कुमार, आम्रपाली के पीओ सत्येंद्र सिंह, मगध के पीओ सुधीर सिन्हा और चंद्रगुप्त के पीओ भूषण कुमार ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
समीक्षा बैठक में सीसीएल की प्रमुख कोयला परियोजनाओं के उत्पादन के साथ-साथ डिस्पैच व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सीएमडी ने अधिकारियों को प्रदर्शन में सुधार करते हुए कोयला आपूर्ति की गति बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।