Wednesday, October 7, 2026
Home » 43.6 लाख प्रविष्टियों में विसंगतियां, चतरा में अकेले 4,790 नाम हटाने के आवेदन

43.6 लाख प्रविष्टियों में विसंगतियां, चतरा में अकेले 4,790 नाम हटाने के आवेदन

0 comments

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष सत्यापन के दौरान नाम हटाने के लिए मिले आवेदनों में चतरा विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है। राज्यभर में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 13,443 फॉर्म-7 प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,790 आवेदन अकेले चतरा विधानसभा क्षेत्र से आए हैं। यानी राज्य में मिले कुल आवेदनों का करीब 36 फीसदी हिस्सा चतरा से है।

चतरा के बाद चाईबासा विधानसभा क्षेत्र में 1,906 और देवघर में 1,099 आवेदन नाम हटाने के लिए प्राप्त हुए हैं। इन आंकड़ों के सामने आने के बाद मतदाता सूची में नाम हटाए जाने की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से इन आंकड़ों और संबंधित आवेदनों का दोबारा सत्यापन कराया गया है। आयोग के मुताबिक, दोबारा जांच के दौरान अब तक किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आई है।

वहीं, कांग्रेस ने चतरा से बड़ी संख्या में नाम हटाने के आवेदन मिलने को गंभीर विषय बताया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर अपनी चिंताएं निर्वाचन अधिकारी के सामने रखी हैं।

43.6 लाख प्रविष्टियों में मिली विसंगतियां

निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े 1 अक्टूबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में करीब 43.6 लाख मतदाता प्रविष्टियों में तार्किक विसंगतियां चिन्हित की गई हैं। इन मामलों पर 12 अक्टूबर तक सुनवाई की प्रक्रिया चलेगी।

दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के साथ नाम जोड़ने या हटाने की निर्धारित समयसीमा 30 सितंबर को समाप्त हो चुकी है। अब आपत्तियों और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 अक्टूबर को संशोधित अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान चतरा में नाम हटाने के लिए सामने आए आवेदनों की बड़ी संख्या निर्वाचन अधिकारियों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के लिए भी महत्वपूर्ण विषय बन गई है।

You may also like

Leave a Comment