Wednesday, October 7, 2026
Home » चतरा : जिला परिषद अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार और सरकारी वाहन के दुरुपयोग का आरोप, DC से जांच की मांग

चतरा : जिला परिषद अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार और सरकारी वाहन के दुरुपयोग का आरोप, DC से जांच की मांग

by उर्वशी शेखर
0 comments

चतरा: इटखोरी की जिला परिषद सदस्य सरिता देवी ने जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी पर भ्रष्टाचार, विकास योजनाओं में बाधा डालने और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने उपायुक्त रवि आनंद को पत्र सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अध्यक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

सरिता देवी के अनुसार, इटखोरी प्रखंड की करीब 65 हजार आबादी विकास योजनाओं के प्रभावित होने से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रस्तावित सड़क, पुल-पुलिया और नाली निर्माण की फाइलें पिछले चार महीने से लंबित हैं। उप विकास आयुक्त से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद अध्यक्ष उन पर हस्ताक्षर नहीं कर रही हैं। निर्धारित प्रक्रिया से भेजे गए प्रस्ताव भी वापस किए जा रहे हैं।

शिकायत में अध्यक्ष पर सरकारी वाहन का निजी और पारिवारिक कार्यों में इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है। सरिता देवी का दावा है कि जिला भ्रमण और विकास योजनाओं के निरीक्षण के लिए उपलब्ध गाड़ी से अध्यक्ष बिना अनुमति हजारीबाग आती-जाती हैं। उन्होंने सरकारी ईंधन के इस्तेमाल और जिला परिषद के खाते से वाहन के रखरखाव पर दिखाए जा रहे खर्च की भी जांच कराने की मांग की है।

उप-समितियों का गठन नहीं होने और दुर्व्यवहार की शिकायत

सरिता देवी ने कहा कि चुनाव के करीब साढ़े चार साल बाद भी जिला परिषद की उप-समितियां गठित नहीं की गई हैं। उन्होंने इसे पंचायती राज नियमावली का उल्लंघन बताते हुए अध्यक्ष पर सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इन समस्याओं के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आगे कड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी है।

जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि आज उन पर आरोप लग रहे हैं, कल किसी और पर लग सकते हैं। इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता।

फिलहाल, सरिता देवी ने उपायुक्त से शिकायत में उठाए गए सभी मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

You may also like

Leave a Comment