Tuesday, October 6, 2026
Home » JPSC-JSSC धांधली के खिलाफ BJP का हल्लाबोल, DC ऑफिस के बाहर पहुंचे कार्यकर्ता

JPSC-JSSC धांधली के खिलाफ BJP का हल्लाबोल, DC ऑफिस के बाहर पहुंचे कार्यकर्ता

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। पार्टी के घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रांची में उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। छात्रों और अभ्यर्थियों के समर्थन में शुरू किए गए इस अभियान को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

रांची समाहरणालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है, जबकि CCTV और सुरक्षाकर्मियों के जरिए परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

BJP की तीन प्रमुख मांगें

प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने परीक्षा विवाद से जुड़े मामलों में सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पार्टी का कहना है कि कथित पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए।

इसके अलावा अनियमितताओं में शामिल कथित गिरोह और संबंधित अधिकारियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है। भाजपा ने पूर्व में परीक्षा सुधार और कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों और युवा नेताओं पर दर्ज मामलों को भी बिना शर्त वापस लेने की मांग उठाई है।

पहले दिन बड़े नेताओं ने संभाली कमान

भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग जिलों में अपने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी है। पहले दिन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हजारीबाग, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जमशेदपुर और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गढ़वा में आंदोलन का नेतृत्व किया।

11 सितंबर तक अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन

भाजपा ने आंदोलन को तीन दिनों तक अलग-अलग जिलों में जारी रखने का फैसला किया है। पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में प्रदर्शन होगा।

10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में घेराव किया जाएगा। इसके बाद 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ता DC और SP कार्यालयों का घेराव करेंगे।

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि छात्रों और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।

You may also like

Leave a Comment