Tuesday, October 6, 2026
Home » धनबाद : जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर MP-MLA कोर्ट में हुई सुनवाई, फैसला सुरक्षित

धनबाद : जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर MP-MLA कोर्ट में हुई सुनवाई, फैसला सुरक्षित

by उर्वशी शेखर
0 comments

डुमरी विधायक और जेएलकेएम नेता जयराम महतो को बरवाअड्डा थाना से जुड़े मामले में फिलहाल अदालत के फैसले का इंतजार करना होगा। गुरुवार को धनबाद की MP-MLA कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। इसी मामले में तीन अन्य आरोपियों; सुशील मंडल उर्फ सुशील कुमार, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल की ओर से दायर अग्रिम जमानत अर्जियों पर भी सुनवाई की गई।

सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत के समक्ष मामले की केस डायरी पेश की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने सभी अग्रिम जमानत याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

21 अगस्त की घटना से जुड़ा है मामला

पूरा विवाद 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ा पिछरी पंचायत से शुरू हुआ था। पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने जेएलकेएम नेता गणेश दास पर उनके नाम से जारी होने वाले आधिकारिक पैड, मुहर और हस्ताक्षर के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया था।

शिकायत के बाद पुलिस गणेश दास को नोटिस देने उनके आवास पहुंची। इसी दौरान पुलिस और गणेश दास के बीच कथित तौर पर विवाद बढ़ गया और बहस के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

थाने में विधायक और पुलिस के बीच भी हुआ विवाद

गणेश दास को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद उसी दिन जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां विधायक और मुखिया समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की स्थिति बनने का आरोप है।

इस दौरान विधायक और थाना प्रभारी के बीच भी विवाद हुआ। इसके बाद थाना प्रभारी की शिकायत के आधार पर जयराम महतो समेत 10 नामजद और करीब 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोप लगाया कि इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डाली गई।

इसी प्राथमिकी में गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए जयराम महतो और तीन अन्य आरोपियों ने अदालत से अग्रिम जमानत की मांग की है। अब सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत के फैसले का इंतजार है।

You may also like

Leave a Comment