Tuesday, October 6, 2026
Home » JSSC-CGL पेपर लीक जांच में कोडरमा तक पहुंची CID, छापेमारी में दो युवक गिरफ्तार

JSSC-CGL पेपर लीक जांच में कोडरमा तक पहुंची CID, छापेमारी में दो युवक गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक की जांच कर रही CID की SIT ने कोडरमा में देर रात कार्रवाई की। टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए रांची ले गई। दोनों से CID कार्यालय में पूछताछ जारी है।

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में दबिश दी। इसके बाद कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में भी कार्रवाई की गई। इस दौरान राजेश यादव और संदीप कुमार को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।

पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आए नाम

सूत्रों का कहना है कि CGL परीक्षा में कथित धांधली की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों और बिचौलियों से पूछताछ में कोडरमा के इन युवकों के नाम सामने आए थे। जांच एजेंसी को उनके परीक्षा से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में होने की जानकारी मिली थी।

हालांकि, अभी CID या स्थानीय पुलिस ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि हिरासत में लिए गए युवकों की कथित परीक्षा धांधली में क्या भूमिका थी। यह भी जांच का विषय है कि उनका संबंध प्रश्नपत्र की कथित खरीद-फरोख्त, परीक्षार्थियों तक पहुंच बनाने या आर्थिक लेन-देन से था या नहीं।

पूछताछ से खुल सकते हैं नेटवर्क के और राज

दोनों युवकों को रांची लाकर SIT उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इनके बीच संपर्क किस माध्यम से था।

कोडरमा में देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद परीक्षा से जुड़े बिचौलियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हलचल बढ़ गई है। जांच एजेंसी की पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और नाम सामने आने तथा संभावित गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

You may also like

Leave a Comment