सिसई थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 12वीं कक्षा की छात्रा के कथित अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर छात्रा को अरंगी जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, छात्रा साइकिल से स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर जा रही थी। इसी दौरान बोलेरो सवार पांच युवकों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से अपने साथ ले लिया। कुछ देर बाद पीछे से आ रही दो छात्राओं की नजर सड़क पर पड़ी छात्रा की साइकिल और स्कूल बैग पर गई। उन्होंने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। छात्रा के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता बढ़ गई और अपहरण की आशंका को लेकर पुलिस को जानकारी दी गई।
शिकायत मिलते ही जंगल में पहुंची पुलिस
छात्रा की मां ने सिसई थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी। मंगलवार रात पुलिस टीम ने अरंगी जंगल में अभियान चलाकर छात्रा को बरामद कर लिया।

पुलिस ने मौके से बिरिया उरांव को पकड़ा। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसके अन्य कथित साथियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाघरा थाना क्षेत्र के काचा पारा निवासी बिरिया उरांव (18), मुन्ना उरांव (26), राजेश उरांव (22), बीरेंद्र उरांव (30) और अरंगी गांव निवासी आशीष लोहरा (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल बोलेरो जेएच-01-ए-25699 को भी जब्त किया है।
पुलिस को एकतरफा प्रेम की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे एकतरफा प्रेम का एंगल नजर आया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी बिरिया उरांव द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई है।
हालांकि, पुलिस ने अभी मामले में अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार के मुताबिक छात्रा की मेडिकल जांच और उसका आधिकारिक बयान दर्ज होने के बाद ही दुष्कर्म से जुड़े आरोपों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।