Tuesday, October 6, 2026
Home » स्विट्जरलैंड पहुंचा झारखंड विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल, 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में होगा शामिल

स्विट्जरलैंड पहुंचा झारखंड विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल, 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में होगा शामिल

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड विधानसभा का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख पहुंच गया। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ खरसावां विधायक दशरथ गागराई और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी आधिकारिक दौरे पर हैं। यह संसदीय एवं अध्ययन यात्रा 10 से 19 सितंबर तक प्रस्तावित है।

स्विट्जरलैंड पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने ज्यूरिख के अलावा लाउटरब्रूनन क्षेत्र का दौरा किया। यहां सदस्यों ने प्रसिद्ध स्टॉबबैक जलप्रपात और आसपास के प्राकृतिक नजारों का अवलोकन किया। लाउटरब्रूनन अपनी खूबसूरत घाटी और करीब 72 प्राकृतिक झरनों के लिए जाना जाता है।

विधायक ने साझा कीं यात्रा की तस्वीरें

दौरे के दौरान खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने ज्यूरिख और लाउटरब्रूनन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने इस अनुभव को यादगार बताया। प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम में संसदीय गतिविधियों के साथ अध्ययन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी शामिल हैं।

13 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल ज्यूरिख में होने वाली प्री-कॉन्फ्रेंस बैठकों और संसदीय अध्ययन कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा। इसके अगले दिन, 14 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल जोहान्सबर्ग के रास्ते दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन के लिए रवाना होगा।

केप टाउन में होगा मुख्य सम्मेलन

राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का मुख्य आयोजन केप टाउन में होना है। इसमें राष्ट्रमंडल देशों की विधायी संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, संसदीय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और सुशासन के आधुनिक तौर-तरीकों जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।

इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रमंडल देशों के बीच विधायी अनुभव साझा करने और संसदीय सहयोग को बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श होगा। झारखंड विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल इस दौरान अन्य देशों की संसदीय व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का अध्ययन भी करेगा।

You may also like

Leave a Comment