तेलंगाना के महबूबनगर जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में ड्राइवर समेत 200 से अधिक बकरियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बकरियों को लेकर जा रही एक डीसीएम अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई और उसमें मौजूद बकरियां इसकी चपेट में आ गईं।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना नेशनल हाईवे-44 पर बूथुर गांव के पास सुबह करीब चार बजे हुई। डीसीएम में बड़ी संख्या में बकरियां ले जाई जा रही थीं। बिजली के खंभे से टकराने के बाद वाहन के डीजल टैंक में विस्फोट होने की बात सामने आई है। इसके बाद निकली चिंगारी ने कुछ ही देर में पूरे वाहन को आग की लपटों में घेर लिया।

हादसा इतना भयावह था कि चालक की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, वाहन के भीतर फंसी बकरियां बाहर नहीं निकल सकीं और आग में झुलसकर उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चालक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की स्पेशल रिपोर्ट